अजारा: गजराज कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल नीरज शुक्ला, एवीएसएम, एसएम ने शुक्रवार को गुवाहाटी विश्वविद्यालय में कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा केवल देश की सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है। इसके लिए आंतरिक स्थिरता, सामाजिक सद्भाव और नागरिकों की सामूहिक भागीदारी भी जरूरी है।

‘पूर्वोत्तर भारत के विशेष संदर्भ में राष्ट्रीय सुरक्षा को समझना’ विषय पर विशेष व्याख्यान देते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा केवल सशस्त्र बलों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी की साझा जिम्मेदारी है। शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में हर नागरिक की भूमिका है।

लेफ्टिनेंट जनरल शुक्ला ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता आवश्यक है। भारत की सुरक्षा को व्यापक नजरिये से देखने की जरूरत है, जिसमें सैन्य तैयारी के साथ आर्थिक विकास, सामाजिक सद्भाव और सामूहिक जिम्मेदारी भी शामिल हो।

छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल सीमाओं पर तैनात सशस्त्र बलों के कर्मियों के बलिदान और प्रतिबद्धता में ही नहीं दिखती, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए नागरिकों के रोजमर्रा के योगदान में भी दिखाई देती है। उन्होंने युवाओं से भारत की पहचान, सभ्यतागत विरासत और उपलब्धियों पर गर्व करने तथा अनुशासन, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।

गुवाहाटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नानी गोपाल महंत ने पूर्वोत्तर की समृद्ध सांस्कृतिक और भाषाई विविधता तथा भारत की राष्ट्रीय पहचान में उसकी अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विभिन्न समुदाय, भाषाएं और परंपराएं अपनेपन तथा राष्ट्रीय भावना से जुड़ी हैं।

प्रोफेसर महंत ने भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका द्वारा रचित गुवाहाटी विश्वविद्यालय के गीत का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें क्षेत्र की विविधता और एकता की भावना झलकती है। उन्होंने राष्ट्रीय एकीकरण को मजबूत करने के लिए आपसी सम्मान, सांस्कृतिक समझ और सामाजिक सद्भाव को जरूरी बताया।