काजीरंगा के रंगाजान में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 26 लोगों का पोस्टमार्टम शनिवार को पूरा कर लिया गया।
इनमें 23 शवों का पोस्टमार्टम गोलाघाट सिविल अस्पताल में किया गया, जबकि 3 शवों का पोस्टमार्टम जोरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हुआ।
हादसे की गंभीरता और एक साथ बड़ी संख्या में लोगों की मौत को देखते हुए पोस्टमार्टम की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके लिए गुवाहाटी से अतिरिक्त डॉक्टरों की एक टीम गोलाघाट भेजी गई थी।
डॉक्टरों की टीम ने स्थानीय चिकित्सकों के साथ मिलकर पोस्टमार्टम का काम पूरा किया।
रंगाजान में यात्री ट्रैवलर और एक कंटेनर ट्रक की टक्कर में 26 लोगों की मौत हुई थी। इस घटना से पूरे राज्य में गहरा शोक है।