जाजपुर, शुक्रवार: पश्चिम बंगाल से 55 यात्रियों को लेकर पुरी जा रही एक बस ओडिशा के जाजपुर में सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे से टकरा गई। हादसे में कम से कम 16 यात्री घायल हो गए, जिनमें 9 की हालत गंभीर बताई गई है।
दुर्घटना बदाचाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुई। दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए कटक भेजा गया है। कुछ यात्रियों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि कुछ को घटनास्थल पर प्राथमिक उपचार दिया गया।
टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक को भी नुकसान पहुंचा है। घायल यात्रियों में किसी के सिर में चोट लगी है, तो किसी के हाथ और पैर में चोट आई है। हादसे के बाद यात्री सड़क किनारे बैठ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में चल रही थी और चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा।
हालांकि, बस के नियंत्रण से बाहर होने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। ओडिशा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण सड़क पर लंबे समय तक जाम रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।