गुवाहाटी, 14 नवंबर: काजीरंगा के रंगाजन में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने घटनास्थल का दौरा कर प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5 लाख रुपये, राज्य सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से 2 लाख रुपये और प्रधानमंत्री सहायता कोष से 2 लाख रुपये दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के अनुसार, हादसे में मारे गए 26 लोगों के शवों का पोस्टमार्टम जल्द पूरा कराने के लिए गुवाहाटी और अन्य अस्पतालों से विशेषज्ञ डॉक्टरों को घटनास्थल पर बुलाया गया है। 10 शवों का पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है और दोपहर 2 बजे तक सभी शवों का पोस्टमार्टम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद सरकारी वाहनों से शवों को उनके परिजनों तक पहुंचाया जाएगा।
घायलों का इलाज डिब्रूगढ़ और जोरहाट मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई घायल अब भी गंभीर हालत में हैं। 10 लोगों की स्थिति स्थिर है, जबकि 6 आईसीयू में और एक व्यक्ति वेंटिलेटर पर है। बेहतर इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम जोरहाट पहुंच चुकी है।
उन्होंने बताया कि मृतकों में एक व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उनके बिहार का निवासी होने की आशंका है। बाकी सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है।
हादसे के कारणों की जांच जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि काजीरंगा क्षेत्र में वाहनों के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा तय है, लेकिन वीडियो में दुर्घटनाग्रस्त ट्रैवलर 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चलती दिख रही है। चालक ने किन परिस्थितियों में वाहन पर नियंत्रण खोया, इसकी जांच की जाएगी। चालक को हृदय संबंधी समस्या, स्ट्रोक या रक्त में शर्करा का स्तर अचानक कम होने की संभावना की भी जांच होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रैवलर में मंजूर सीटों से अधिक यात्री होने की आशंका है और इसमें करीब 41 यात्री सवार थे। वाहन की गति नियंत्रित करने वाली व्यवस्था को निष्क्रिय करने या उसके तार काटे जाने जैसी अनियमितताओं की भी जांच होगी। उन्होंने तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और शराब पीकर गाड़ी चलाने के खिलाफ यातायात कानून को सख्ती से लागू करने की जरूरत बताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हादसे की जांच, घायलों के इलाज और मृतकों के परिवारों को सहायता देने की जिम्मेदारी निभाएगी। उन्होंने बताया कि मंत्री अतुल बोरा, रणोज पेगू, केशव महंत, अजंता नेओग और विधानसभा अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी ने भी अस्पतालों तथा मृतकों के परिजनों का हालचाल लिया है।