गुवाहाटी, 14 नवंबर: काजीरंगा के रंगाजन में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 26 लोगों में बिहार के 38 वर्षीय मोहम्मद रफीक अली भी शामिल हैं। वह बिहार के मधुबनी जिले के तुफानपुर के रहने वाले थे। उनके पिता का नाम सामी अहमद है।
गोलाघाट जिला प्रशासन के अनुसार, अब तक 23 मृतकों की पहचान हो चुकी है, जबकि दो लोगों की पहचान नहीं हो पाई है। अतिरिक्त जिला आयुक्त जिंटू बोरा ने बताया कि प्रशासन के पास 25 शवों की जानकारी है, जिनमें 14 महिलाएं और 11 पुरुष हैं।
उन्होंने बताया कि बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजे गए घायलों में से दो लोगों की बाद में मौत हो गई। इसके बाद हादसे में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 26 हो गई। अस्पताल में दम तोड़ने वाले दो घायलों में से एक की पहचान भी अब तक नहीं हो सकी है।
अतिरिक्त जिला आयुक्त के मुताबिक, मृतकों में नगांव जिले के 9 और कार्बी आंगलोंग जिले का एक व्यक्ति शामिल है। शनिवार सुबह 6 बजे से पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू करने की व्यवस्था की गई थी। जोरहाट मेडिकल कॉलेज और गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की टीम ने मिलकर यह प्रक्रिया पूरी की। प्रशासन ने शवों को सम्मान के साथ उनके घरों तक पहुंचाने के लिए वाहनों की भी व्यवस्था की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता देने की घोषणा की गई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने भी हादसे पर शोक जताया है। शुक्रवार को रंगाजन में यात्री ट्रैवलर और कंटेनर ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में यह दुर्घटना हुई थी।