गुवाहाटी, 14 नवंबर: महानगर पुलिस की सीमा शाखा ने बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से लाने और ठहराने के आरोप में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में 2 कैब चालक और 2 होटल प्रबंधक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, अधिक पैसे कमाने के लालच में कैब चालक करण सोनोवाल और बिपुल चेतिया बांग्लादेशी नागरिकों को मेघालय सीमा से गुवाहाटी लाए थे।
वहीं, बांग्लादेशी नागरिकों को होटल में ठहराने के आरोप में होटल प्रबंधक संजीव हजारिका और लाचित गोगोई को गिरफ्तार किया गया है।
आरोप है कि खानापाड़ा के ‘होटल मेघालय’ में बांग्लादेशी नागरिकों को ठहराया गया था। इस मामले में कथित संलिप्तता के आधार पर पुलिस ने दोनों होटल प्रबंधकों को गिरफ्तार किया है।
उल्लेखनीय है कि महानगर पुलिस ने 18 अक्टूबर को 13 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया था। उनसे पूछताछ के बाद बांग्लादेशी नागरिकों को लाने और उन्हें ठहराने से जुड़े इन तथ्यों का पता चला।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पैसे के बदले कुछ लोग बांग्लादेशी नागरिकों को सीमा से गुवाहाटी तक कैसे लाते थे और विभिन्न जगहों पर उन्हें ठहराते थे।