सिडनी, 14 नवंबर: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने 2018 के केपटाउन गेंद से छेड़छाड़ मामले की जांच को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि जांच के दौरान मिचेल स्टार्क, नाथन लायन और जोश हेजलवुड का इंटरव्यू नहीं लिया गया था। इस आधार पर उन्होंने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।
इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में वॉर्नर ने कहा कि उनकी जानकारी के मुताबिक, 2018 की जांच के दौरान क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इन तीनों गेंदबाजों के बयान दर्ज नहीं किए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर उनका इंटरव्यू ही नहीं लिया गया, तो संस्था इस निष्कर्ष पर कैसे पहुंची कि गेंदबाजों को घटना के बारे में कुछ भी पता नहीं था।
वॉर्नर ने आरोप लगाया कि शुरुआत से ही यह तय कर लिया गया था कि किसे दोषी ठहराना है। उन्होंने जांच को ‘खराब जांच’ बताते हुए कहा कि अब भी यह धारणा बनाए रखने की कोशिश की जा रही है कि गेंदबाजों को इस घटना की कोई जानकारी नहीं थी।
उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा प्रकाशित होने के बाद 2018 का यह विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया है कि दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान गेंद से छेड़छाड़ करने की योजना के बारे में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को जानकारी थी।
हालांकि, मौजूदा टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने ख्वाजा के दावे को खारिज करते हुए शुक्रवार को इसे ‘100 प्रतिशत गलत’ बताया।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की 2018 की जांच में निष्कर्ष निकाला गया था कि तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उप-कप्तान डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को ही इस योजना की जानकारी थी। इसके बाद तीनों को दक्षिण अफ्रीका से वापस भेज दिया गया था और वॉर्नर पर एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था।
2021 में मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, नाथन लायन और पैट कमिंस ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उन्हें इस योजना की पहले से जानकारी नहीं थी। हाल ही में स्टार्क ने भी कहा कि उन्हें मैदान पर हुई गतिविधियों के बारे में जानकारी नहीं थी। हेजलवुड और लायन ने ताजा विवाद पर अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है।
इस बीच, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जांच दोबारा शुरू नहीं करने का फैसला किया है। शनिवार को जारी बयान में संस्था ने कहा कि शुरुआती जांच के दौरान सभी खिलाड़ियों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था। पिछले आठ वर्षों में उन्हें कोई नया सबूत पेश करने के अवसर भी मिले थे।
हालांकि, बयान में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि मूल जांच के दौरान स्टार्क, हेजलवुड और लायन से अलग-अलग पूछताछ की गई थी या नहीं।