गुवाहाटी, 14 नवंबर: कामरूप ग्रामीण जिले के छयगांव इलाके में एक चर्च में तोड़फोड़ के आरोप में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में इसे एक ही जनजाति और धार्मिक समुदाय के दो स्थानीय समूहों के बीच संघर्ष का नतीजा बताया गया है।
कामरूप ग्रामीण जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुभाषिश बरुआ ने बताया कि गुरुवार रात छयगांव थाना क्षेत्र के बरथुली गारोपारा इलाके में चर्च में तोड़फोड़ की सूचना मिली थी। घटनास्थल से कई लोगों को हिरासत में लेने के बाद शुक्रवार को 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बरघुली निवासी 58 वर्षीय माथामार माराक, 62 वर्षीय लिम्बार्थ चांगमा और सुशेंद्र माराक के रूप में हुई है।
पुलिस ने छयगांव थाने में भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें आपराधिक अतिक्रमण, अलग-अलग समूहों के बीच दुश्मनी बढ़ाने, धार्मिक भावनाएं आहत करने के इरादे से पूजा स्थल को नुकसान पहुंचाने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और चोरी से जुड़ी धाराएं शामिल हैं।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी लोग ईसाई समुदाय और एक ही जनजाति से हैं। संघर्ष में शामिल दोनों समूहों के लोग असम के निवासी हैं। पुलिस ने कहा कि घटना का असम-मेघालय सीमा पर किसी अंतरराज्यीय संघर्ष या धार्मिक-भाषाई विवाद से संबंध नहीं है।
चर्च में तोड़फोड़ की खबर फैलने के बाद इलाके में तनाव पैदा हो गया था और शुरुआत में इसे असम-मेघालय सीमा विवाद से जोड़कर देखा गया। दक्षिण कामरूप के उकियाम, बरथुली, तालिमारा और दीघलबिल इलाकों में सीमा विवाद को लेकर लंबे समय से तनाव बना हुआ है।
हालांकि, पुलिस ने सीमा के उस पार से हमले की आशंका खारिज कर दी है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर तक इलाके की स्थिति नियंत्रण में आ गई थी।