पुणे, 15 नवंबर: पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी का पता चला। पायलट की सतर्कता से विमान को पुणे हवाईअड्डे पर वापस लाकर सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में यात्री और चालक दल के सदस्यों समेत कुल 192 लोग सवार थे। सभी सुरक्षित हैं।
इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 0623 के पायलट ने उड़ान के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचना दी कि विमान का लैंडिंग गियर बाहर रह गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विमान को वापस पुणे हवाईअड्डे पर उतारने का फैसला किया गया।
विमान सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर सुरक्षित उतरा। लैंडिंग से पहले विमान को रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ाकर लैंडिंग गियर की स्थिति की जांच की गई। जांच के बाद सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
आपात स्थिति को देखते हुए हवाईअड्डा प्रशासन ने एटीसी, इंडिगो और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया। भारतीय वायुसेना ने पूर्ण आपातकाल घोषित कर बचाव और सुरक्षा की तैयारियां शुरू कर दी थीं। अग्निशमन दल, एंबुलेंस और बचावकर्मियों को तैयार रखा गया था।
विमान रुकने के बाद एयरोब्रिज जोड़कर सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इंडिगो ने घटना पर खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों को स्थिति की जानकारी समय-समय पर दी जाती रही।