चराइदेव, 16 नवंबर: चराइदेव जिले के बरहाट इलाके में शादी की एक रस्म में जा रहे लोगों से भरा टाटा ऐस वाहन सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गया। हादसे में 21 लोग घायल हो गए।
वाहन में सवार लोग शादी में जुरोन देने जा रहे थे। सामान ढोने वाले टाटा ऐस के खुले हिस्से में यात्रियों को बैठाकर ले जाया जा रहा था।
रास्ते में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वह सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया।
घायलों में 16 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद बरहाट क्षेत्र की खराब सड़कों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। दुर्घटना के वास्तविक कारण और पुलिस की आगे की कार्रवाई के संबंध में अब तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।