कुलगाम: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 2 आतंकी मारे गए। दोनों को पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का सदस्य बताया गया है। मारे गए आतंकियों में लश्कर कमांडर लतीफ भट भी शामिल था, जिसे सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर हमले का मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है।

गत बुधवार मीर बाजार के पास अखरान में सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन की नाका पार्टी पर हमला हुआ था। इसके बाद से हमलावरों की तलाश में सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में अभियान चलाया था।

लारू गांव में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने गांव की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में दोनों आतंकी मारे गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार को सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाया था। कश्मीर पुलिस का एलीट स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप भी अभियान में शामिल था।

लतीफ भट कुलगाम जिले के खेब्रान चाडर (नई बस्ती) इलाके का रहने वाला था। उसने आशमुजी के एक सरकारी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी और बाद में कुलगाम के एक कॉलेज में दाखिला लिया था, लेकिन पढ़ाई बीच में छोड़ दी। इसके बाद वह खेब्रान में बढ़ई का काम करने लगा था।

बताया गया है कि लतीफ 19 नवंबर 2025 को अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद उसके परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कुछ दिनों बाद उसके द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) में शामिल होने की जानकारी सामने आई थी। उसे दक्षिण कश्मीर में लश्कर का एकमात्र सक्रिय स्थानीय सदस्य बताया गया था।

बुधवार के हमले में सीआरपीएफ के 3 जवान घायल हुए थे। एक जवान के हाथ, दूसरे के पैर और तीसरे के पेट के निचले हिस्से में गोली लगी थी। शुरुआती जांच में 3 हमलावरों के शामिल होने की बात सामने आई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पता चला था कि वे जंगल के रास्ते इलाके में पहुंचे थे और गोलीबारी के बाद उसी रास्ते से भाग गए थे। आतंकियों ने कुल 30 राउंड गोलियां चलाई थीं।