औगुरी के गोपालकृष्ण चाय बागान में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उनकी पूर्णाकृति प्रतिमा स्थापित कर उसका अनावरण किया गया।
कार्बी आंगलांग स्वायत्तशासी परिषद के कार्यकारी सदस्य प्रभात चंद्र तारो मुख्य अतिथि और अनावरणकर्ता के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पुरोहित के मंत्रोच्चार के बीच फूल, फल और नैवेद्य अर्पित कर प्रतिमा की स्थापना की।
प्रभात चंद्र तारो ने कहा कि गोपालकृष्ण चाय बागान में बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित होना पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने अपनी जमीन, पानी और जंगल की रक्षा के लिए शक्तिशाली ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष किया था। उनका आदर्श आज भी देश के जनजातीय समुदायों को प्रेरित करने के साथ साहस देता है।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी इस प्रतिमा के माध्यम से बिरसा मुंडा के त्याग, संघर्ष और वीरता को हमेशा याद रख सकेगी।
आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी इस स्थान पर भगवान बिरसा मुंडा की श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की जाएगी। साथ ही, इसे उनके स्मरण के लिए एक स्थायी और पवित्र तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला एसटी मोर्चा के अध्यक्ष चंद्र सिंह टेरोन, अमरी ग्रामीण विकास परिषद के अध्यक्ष धनसिंह क्रो, दोआर आमला मंडल भाजपा के कोषाध्यक्ष शिव छेत्री, युवा मोर्चा के अध्यक्ष चुमदेव टेरोन, मंडल सचिव हिरेन पातर और दोआर आमला मीडिया सेल के समन्वयक हेमारी सेनारक समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।