गुवाहाटी, 16 नवंबर: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को गुवाहाटी प्रेस क्लब में दिनभर कार्यक्रम आयोजित किए गए। गुवाहाटी प्रेस क्लब की पहल और इनली फाउंडेशन के सहयोग से दूसरी वार्षिक अंतर-मीडिया क्विज प्रतियोगिता हुई।

प्रतियोगिता का उद्घाटन वरिष्ठ पत्रकार और साहित्यकार मनोज कुमार गोस्वामी ने किया। उन्होंने इस वर्ष के राष्ट्रीय प्रेस दिवस के विषय ‘जर्नलिज्म: पॉपुलिस्ट ऑर रिस्पॉन्सिबल’ पर भी अपने विचार रखे।

गोस्वामी ने कहा कि वर्तमान समय में सवाल करना बेहद जरूरी है। पत्रकार यदि सवाल नहीं करेंगे या सवाल करना नहीं सीखेंगे, तो पत्रकारिता के साथ-साथ सभ्यता भी आगे नहीं बढ़ेगी। सवालों के कारण ही आज की सभ्यता आगे बढ़ी है।

उन्होंने राष्ट्रीय मीडिया की भूमिका पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि क्षेत्रीय मीडिया आज भी राष्ट्रीय मीडिया की तुलना में काफी स्वतंत्र और मजबूत है। उन्होंने गुवाहाटी प्रेस क्लब की हाल की पहलों की सराहना की और पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

क्विज मास्टर दीपांकर कौशिक के संचालन में हुई प्रतियोगिता में कुल 9 टीमों ने हिस्सा लिया। आकाशवाणी गुवाहाटी के अंकुरज्योति शर्मा और झरना भराली की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। दिव्येंदु चक्रवर्ती, मानसी दत्ता और पंकज बोरा की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि शुभम गोस्वामी, मृदुपवन बोरा और दीपांकर दत्ता की टीम तीसरे स्थान पर रही।

आकाशवाणी गुवाहाटी के इंद्रजीत दास, निभारानी रॉय और देवाशीष राजकुमार की टीम चौथे स्थान पर रही। राजकमल चांगकाकती और दीपांकर सैकिया की टीम पांचवें स्थान पर रही, जबकि सुनील बोरा और विजय कानन की टीम ने छठा स्थान हासिल किया।

पुरस्कार वितरण समारोह में पीआईबी उत्तर-पूर्व के अतिरिक्त महानिदेशक कृपा शंकर यादव, नितुमणि सैकिया, सुशील कुमार पटवारी और गुवाहाटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष खगेन कलिता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन क्लब के महासचिव अमरेंद्र डेका ने किया। प्रतियोगिता की पुरस्कार राशि इनली फाउंडेशन ने उपलब्ध कराई। संस्था ने अगले वर्ष भी प्रतियोगिता में सहयोग जारी रखने की घोषणा की।