नई दिल्ली: पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसद्दिक मसूद मलिक शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के पहले सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में अपने देश के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने भारत आए हैं। यह सम्मेलन 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली के पुराना किला में आयोजित हो रहा है।
भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार की संभावना पर मलिक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दोनों देशों के सभी रिश्ते बेहतर होंगे। उन्होंने क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर व्यापक नजरिये से बातचीत कर साझा क्षेत्रीय लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।
“मुझे उम्मीद है कि हमारे सभी रिश्ते बेहतर होंगे।”
मलिक ने एससीओ के इस मंच को सभ्यता, इतिहास और संस्कृति पर बहुपक्षीय चर्चा का महत्वपूर्ण अवसर बताया। सीमा पार आतंकवाद को लेकर भारत की चिंताओं से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि अगले दिन उनके संबोधन के बाद इस विषय पर काफी चर्चा होगी।
ताजमहल और दरगाह जाने की अनुमति नहीं
मलिक ने आगरा के ताजमहल और दिल्ली स्थित हजरत निजामुद्दीन दरगाह जाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन उन्हें मंजूरी नहीं मिली। सरकारी सूत्रों के अनुसार, उन्हें केवल एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में भाग लेने के लिए वीजा दिया गया था और उनकी भारत यात्रा इसी सम्मेलन तक सीमित थी।
पाकिस्तान के वरिष्ठ नेता हैं मलिक
मुसद्दिक मसूद मलिक पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के वरिष्ठ नेता और वर्तमान सीनेटर हैं। उन्हें मार्च 2025 में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार में जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री बनाया गया था। इससे पहले वह जल और ऊर्जा तथा जल संसाधन और ऊर्जा मंत्रालयों की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
सिंधु जल संधि को स्थगित रखने के मुद्दे पर जून में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मलिक ने सिंधु नदी के पानी को नियंत्रित करने की कोशिश करने वालों के “हाथ काट देने” की बात कही थी। उनके इस बयान पर विवाद हुआ था।
22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद और 7 मई को भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद से भारत-पाकिस्तान संबंधों में तनाव बना हुआ है।