शिलचर, 21 नवंबर: कछार पुलिस ने असम के किसानों के लिए आवंटित 22 मीट्रिक टन सब्सिडी वाला उर्वरक जब्त किया है। यह कार्रवाई उर्वरक को असम से बाहर भेजने की कोशिश के दौरान की गई।

शनिवार को कछार जिले में चलाए गए अभियान में उर्वरक की यह बड़ी खेप पकड़ी गई। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर जब्त उर्वरक का वीडियो साझा कर इसकी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जब्त किए गए उर्वरक का प्रत्येक बोरा असम के किसानों के लिए आवंटित था। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों को सब्सिडी पर उपलब्ध कराया जाने वाला उर्वरक खुले बाजार या किसी अन्य स्थान पर भेजने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कछार पुलिस सब्सिडी वाले उर्वरक की अवैध ढुलाई की कोशिश करने वालों पर नजर रखे हुए थी।

मुख्यमंत्री ने इस अभियान के लिए कछार पुलिस की सराहना की। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि मामले में किसी को गिरफ्तार किया गया है या नहीं।

उर्वरक को किस स्थान पर भेजने की योजना थी, इसकी जानकारी भी अब तक सामने नहीं आई है।