असम भाजपा ने भाजपा युवा मोर्चा के नेता शिवचंद हाथीबरुआ को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उन पर धन उगाही और सिंडिकेट चलाने के आरोप लगे हैं। यह फैसला राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया के निर्देश पर लिया गया है।
ऊपरी असम में हाथीबरुआ के खिलाफ सिंडिकेट चलाने के आरोप दो दिन पहले सामने आए थे। कुछ फोन कॉल की बातचीत वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। इन बातचीत को लेकर उन पर धन उगाही और सिंडिकेट चलाने के आरोप लगाए गए हैं।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप सैकिया ने कहा कि भाजपा का नाम लेकर कुछ लोग दलाली करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि असली भाजपा कार्यकर्ता कभी ऐसी गतिविधियों में शामिल नहीं होते।
दिलीप सैकिया ने कहा कि पार्टी में कुछ दलाल किस्म के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से ऐसे लोगों से सतर्क रहने और लोगों से आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
केंद्रीय राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी के साथ फोटो खिंचवाने भर से उसके साथ संबंध होने का मतलब नहीं निकलता। फोटो खिंचवाने से पहले किसी व्यक्ति की पहचान या पृष्ठभूमि की जांच नहीं की जाती।
उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति अपराध करता है तो उसे सजा मिलनी चाहिए, चाहे वह भाजपा, अगप या किसी भी दल से जुड़ा हो। हाथीबरुआ के खिलाफ लगे आरोपों और वायरल फोन कॉल का मामला राज्य के राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।