कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के दो-संतान नीति के समर्थन पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर असम में 60 साल पहले यह नियम लागू होता तो मौजूदा मुख्यमंत्री का जन्म नहीं होता।
शनिवार को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) की ओर से नवनिर्वाचित कॉलेज छात्र प्रतिनिधियों के लिए आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने यह टिप्पणी की।
हुसैन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने दो से अधिक बच्चों वाले लोगों को पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने से रोकने की बात कही है। उन्होंने इस नीति की तर्कसंगतता पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि यह नियम विधायकों और सांसदों पर लागू नहीं होगा।
उन्होंने कहा, “मेरे 8 बच्चे हों, तब भी मैं विधानसभा चुनाव लड़ सकता हूं।”
हुसैन ने सवाल किया कि फिर केवल उनकी पार्टी को ही क्यों निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कुछ लोगों से सुना है कि हिमंत बिस्वा सरमा अपने परिवार के चौथे या पांचवें बच्चे थे, हालांकि उन्होंने इस जानकारी की पुष्टि नहीं होने की बात भी कही।
कांग्रेस सांसद ने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों से बड़े राजनीतिक लक्ष्य तय करने का आह्वान किया। उन्होंने छात्र नेताओं को एनएसयूआई के जरिए राजनीति में आकर विधायक, मंत्री और सांसद बनने का सपना देखने की सलाह दी।