काजीरंगा के रंगाजन में हुए भीषण सड़क हादसे में घायल डेढ़ वर्षीय देव गोवाला के बाएं पैर की गंभीर चोट बोखाखात के अस्पताल में नहीं पहचानी जा सकी। बच्चे की हालत स्थिर बताकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया था। वह फिलहाल जोरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाजरत है।

13 नवंबर को रंगाजन में हुए हादसे में 26 लोगों की मौत हुई थी। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैवलर से देव को बचाया गया था। शुरुआत में उसके माता-पिता की पहचान नहीं हो सकी थी। इसके बाद उसे इलाज के लिए बोखाखात के शहीद कमला मिरी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां वह तीन दिन तक डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में रहा।

बाद में देव की पहचान हो गई। उसके माता-पिता जोरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाजरत थे। इसी दौरान बोखाखात अस्पताल ने बच्चे की हालत स्थिर बताकर उसे परिजनों को सौंप दिया।

दादी के घर पहुंचने के बाद देव को चलने में परेशानी हुई। इसके बाद शुक्रवार को उसके बड़े चाचा, दादी और अन्य परिजन उसे जोरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। जांच में डॉक्टरों ने बच्चे के बाएं पैर में गंभीर चोट पाई, जिसके बाद उसके पैर में प्लास्टर किया गया।

देव अस्पताल के बिस्तर पर अपनी दादी और बड़े चाचा के साथ खेलता नजर आया। उसकी मां निकिता गोवाला की हालत स्थिर बताई गई है, जबकि पिता राहुल गोवाला की स्थिति अभी स्थिर नहीं है। बच्चे की चोट न पहचान पाने और उसकी हालत स्थिर बताकर अस्पताल से परिजनों को सौंपने की घटना ने बोखाखात की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।