मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दिवंगत गायक जुबिन गर्ग की रेंज रोवर गाड़ी बेचने को लेकर चल रही चर्चा के बीच कहा कि उनके परिवार के निजी फैसलों पर सरकार को कुछ नहीं कहना है।

उन्होंने कहा कि जुबिन गर्ग के निधन के बाद राज्य सरकार ने परिवार को मासिक आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, जुबिन की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग ने यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया।

गरिमा ने कहा था कि परिवार अपने इंतजाम से चलता रहेगा और सरकार को दूसरे कामों पर ध्यान देना चाहिए। इस फैसले के लिए वह धन्यवाद की पात्र हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जुबिन गर्ग के परिवार को उनसे जुड़े मामलों में जो भी फैसला लेना है, वह उनका अधिकार है। फैसले के पीछे की वजह जानने के लिए परिवार से ही बात करनी होगी।

जुबिन क्षेत्र में समाधि निर्माण की तैयारी

मुख्यमंत्री ने सोनापुर स्थित जुबिन क्षेत्र में समाधि निर्माण के काम पर भी बात की। उन्होंने कहा कि अगले डेढ़ से 2 महीने के भीतर निर्माण शुरू होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य में करीब डेढ़ से 2 साल लग सकते हैं। इस दौरान समाधि स्थल पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था संभव नहीं होगी।