श्रीभूमि, 23 नवंबर: भारत-बांग्लादेश सीमा पर ड्यूटी के दौरान बीएसएफ की 75वीं बटालियन का एक जवान लापता हो गया है। लापता जवान की पहचान के वेणु के रूप में हुई है। वह हरिनगर बीओपी पर तैनात थे।
सीमा क्षेत्र से जवान के लापता होने के बाद इलाके में हलचल मची है। शुरुआती तौर पर बांग्लादेशी बदमाशों द्वारा उनके अपहरण की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, रात में सीमा पर गश्त के दौरान बीएसएफ जवानों ने नदी मार्ग से भैंसों को बांग्लादेश ले जाने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध दल को देखा था। दल को रोकने के लिए आगे बढ़ते समय के वेणु बराक नदी में गिर गए। इसके बाद से उनका पता नहीं चल पाया है।
घटना के बाद एसडीआरएफ ने बराक नदी में बचाव अभियान शुरू कर दिया है। बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
जवान के लापता होने के वास्तविक कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। नदी में गिरने के बाद शुरू किया गया बचाव अभियान जारी है।