मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अप्रैल में जगीरोड की सेमीकंडक्टर परियोजना का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसे राज्यवासियों के लिए बिहू का उपहार बताया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 27 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना में परीक्षण के तौर पर चिप निर्माण का काम शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि असम के युवा भी इस परियोजना में काम कर रहे हैं और विदेशी कंपनियों की जरूरत के लिए चिप बनाने का परीक्षण चल रहा है।
पारादीप से पाइपलाइन के जरिए नुमालीगढ़ आएगा तेल
मुख्यमंत्री ने नुमालीगढ़ रिफाइनरी के विस्तार और तेल आपूर्ति को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से पाइपलाइन के जरिए नुमालीगढ़ तक तेल लाने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि रिफाइनरी में हर वर्ष 6 मिलियन मीट्रिक टन तेल शोधन का लक्ष्य रखा गया है। शोधन के बाद तैयार तेल उत्पादों को भारत के बाजार में बिक्री के लिए भेजा जाएगा। नुमालीगढ़ में रिफाइनरी का निर्माण कार्य अप्रैल में पूरा होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, नुमालीगढ़ में उत्पादित सामग्री के आधार पर पैरासिटामोल बनाने के उद्देश्य से एक अन्य निर्माण इकाई की आधारशिला भी रखी गई है।