सोनाई: सोनाई के विधायक अमिनुल हक लस्कर ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के तहत बाढ़ प्रभावित स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों की मरम्मत के कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता और घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की जांच कराने की मांग की और कहा कि वह इसे आगामी विधानसभा सत्र में उठाएंगे।
अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में लस्कर ने कछार जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा, डीडीएमए के परियोजना प्रबंधक शमीम अहमद और सर्व शिक्षा अभियान के संबंधित इंजीनियर पर मिलीभगत कर सोनाई में अनियमितता करने का आरोप लगाया।
विधायक ने बताया कि 2022 की भीषण बाढ़ में क्षतिग्रस्त स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों की मरम्मत के लिए करीब 15 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। इसमें एलपी, एमई और उच्च विद्यालयों की मरम्मत के लिए करीब 13 करोड़ रुपये तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए करीब 2 करोड़ रुपये शामिल थे।
लस्कर का आरोप है कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बिना एस्टिमेट और तकनीकी मंजूरी के ठेकेदार नियुक्त कर काम शुरू करा दिया। उन्होंने दावा किया कि सोनाई विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश कार्यों का ठेका रूपम साहा को मिला है। विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर विभिन्न परियोजनाओं में नियमों के विरुद्ध काम कराया जा रहा है।