मोरीगांव, 25 नवंबर: मोरीगांव जिला प्रशासन ने नवंबर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 23 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इन चालकों पर शराब पीकर वाहन चलाने और तय सीमा से अधिक माल ढोने का आरोप है।
यह कार्रवाई मोरीगांव पुलिस, जिला प्रशासन और परिवहन विभाग के संयुक्त जांच अभियान के दौरान पकड़े गए चालकों के खिलाफ की गई। जिला प्रशासन ने निलंबित लाइसेंस वाले चालकों के नाम और उनके वाहनों के नंबर भी जारी किए हैं।
प्रशासन ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। शराब पीकर या ओवरलोड वाहन चलाकर अपनी, यात्रियों और अन्य राहगीरों की जान खतरे में डालने वालों के प्रति कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
जिला परिवहन विभाग ने वाहन चालकों और आम लोगों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। विभाग ने चेतावनी दी कि शराब पीकर गाड़ी चलाने, तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग जैसे मामलों के खिलाफ पुलिस एवं परिवहन विभाग का संयुक्त अभियान आगे भी अधिक सख्ती से चलाया जाएगा।
काजीरंगा में हाल में हुई गंभीर सड़क दुर्घटना के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद मोरीगांव समेत पूरे राज्य में प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है।
परिवहन मंत्री चरण बड़ो की घोषणा के अनुसार, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, तय सीमा से अधिक यात्री ढोने और बिना हेलमेट बाइक चलाने जैसे नियमों का तीन से अधिक बार उल्लंघन करने पर चालक का लाइसेंस और वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
दुर्घटनाएं रोकने और नियम तोड़ने वालों पर नजर रखने के लिए जिला स्तर पर पुलिस, परिवहन, आबकारी और लोक निर्माण विभाग को शामिल कर सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स भी गठित की गई है।