नई दिल्ली, 25 नवंबर: छठ पूजा के दौरान बिहार की महिलाओं के नाक से माथे तक लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ पटना में FIR दर्ज की गई है। मामले की जांच पटना का साइबर पुलिस थाना कर रहा है।
यश माहेश्वरी ने अपने यूट्यूब चैनल पर ‘मॉरली क्वेश्चनेबल’ शीर्षक से एक स्टैंड-अप कॉमेडी वीडियो जारी किया था। वीडियो के कुछ हिस्से सोशल मीडिया पर फैलने के बाद उनकी टिप्पणियों को लेकर विरोध शुरू हो गया।
आरोप है कि उन्होंने छठ के दौरान महिलाओं के नाक से माथे तक लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा पर अभद्र टिप्पणी की। उन पर महिलाओं के सिंदूर की लंबाई की तुलना पुरुषों के गुप्त अंग से करने तथा बिहार में महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न और हमलों को लेकर मजाक करने का भी आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, वीडियो में की गई टिप्पणियों से सामाजिक माहौल बिगड़ने और लोगों के बीच तनाव पैदा होने की आशंका है। कई लोगों ने इसे बिहार की महिलाओं और छठ पूजा की धार्मिक परंपरा का अपमान बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
यश माहेश्वरी ने माफी मांगते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी धार्मिक भावना, त्योहार या व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।
माफी मांगने के बाद भी विवाद जारी है। जयपुर निवासी यश माहेश्वरी फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के कॉमेडी जगत से जुड़े हैं और ‘ऑलमोस्ट यश’ नाम के यूट्यूब चैनल पर अपने कार्यक्रमों के वीडियो साझा करते हैं।
विवाद के बीच उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी नहीं मिल रहा है। यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने खुद अकाउंट निष्क्रिय किया है या किसी कार्रवाई के तहत उसे निलंबित किया गया है।