नई दिल्ली, 26 नवंबर: सुप्रीम कोर्ट प्रदर्शनस्थलों पर खबर जुटाने जाने वाले पत्रकारों की सुरक्षा और पेशेवर कर्तव्य निभाने के उनके अधिकार से जुड़े अहम सवालों पर विचार करेगा। शीर्ष अदालत यह भी देखेगी कि मान्यता प्राप्त और स्वघोषित पत्रकारों को कानूनी संरक्षण देने में कोई अंतर होना चाहिए या नहीं।
दिल्ली में प्रदर्शन की रिपोर्टिंग के दौरान 7 पत्रकारों के साथ पुलिस की कथित मारपीट, बदसलूकी और गैरकानूनी हिरासत के आरोपों की जांच सेवानिवृत्त सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश आर. सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता वाली हाई लेवल जांच समिति को सौंप दी गई है।
मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, न्यायमूर्ति जयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहनन की पीठ ने याचिकाकर्ताओं को समिति के समक्ष संबंधित दस्तावेज और सबूत पेश करने का निर्देश दिया। समिति यह जांच करेगी कि पत्रकार प्रदर्शनस्थल पर मौजूद थे या नहीं, पुलिस ने उनके खिलाफ बल प्रयोग किया या नहीं और बल का इस्तेमाल जरूरत से ज्यादा था या नहीं।
केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स और दिल्ली यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स ने याचिका दायर की थी। याचिका में कहा गया कि 10 और 11 अक्टूबर 2026 को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों के खिलाफ पुलिस बल का इस्तेमाल किया गया।
याचिकाकर्ता पत्रकारों की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता पी. वी. दिनेश ने अदालत में कहा कि प्रभावित 7 पत्रकार प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों से जुड़े हैं और सोशल मीडिया के लिए वीडियो या रील बनाने वाले लोग नहीं हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या खबर जुटाने के दौरान मान्यता प्राप्त समाचार संस्थानों के पत्रकारों को हिरासत में लिया जा सकता है।
याचिका में आरोप लगाया गया कि पत्रकारों को खबर जुटाने की जगह से जबरन हटाया गया, घटनास्थल के दृश्य रिकॉर्ड करने से रोका गया और उनके साथ शारीरिक बल प्रयोग किया गया। एक फोटोग्राफर का कैमरा छीनने की कोशिश तथा लाइव रिपोर्टिंग कर रही एक महिला पत्रकार के साथ मारपीट का भी आरोप है।
अदालत पत्रकारों की आवाजाही की स्वतंत्रता, पेशेवर दायित्व निभाने के अधिकार और प्रदर्शनस्थल से जबरन हटाए जाने को कानूनी रूप से हिरासत माना जा सकता है या नहीं, इस पर भी विचार करेगी। दिल्ली पुलिस ने पहले सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपने हलफनामे में कहा था कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और रील बनाने वालों को पत्रकारों के बराबर सुरक्षा नहीं दी जा सकती।