नई दिल्ली, 5 नवंबर: पुरानी दिल्ली के व्यस्त चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक घायल व्यक्ति को मलबे से बाहर निकाला गया है। वहीं, कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 9.50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा में हुआ। इमारत गिरने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
बचाव अभियान के लिए पानी के टैंकर और बचाव वाहनों समेत दमकल की कम से कम छह गाड़ियां तैनात की गई हैं। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
मलबे में कितने लोग फंसे हैं, इसकी संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। इमारत गिरने के कारणों का भी तत्काल पता नहीं चल पाया है।
यह हादसा दिवाली से पहले हुआ है, जब पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार और चांदनी चौक जैसे व्यस्त बाजारों में खरीदारों और कारोबारियों की भीड़ बढ़ जाती है।
इस घटना से एक दिन पहले चांदनी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल इमारत का भी एक हिस्सा ढह गया था। 160 साल से अधिक पुरानी इस धरोहर इमारत की स्थिति और रखरखाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।