गुवाहाटी, 5 नवंबर: दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग उन्नत चिकित्सा और विशेषज्ञ परामर्श के लिए मुंबई रवाना हो गई हैं। गुवाहाटी के नेमकेयर अस्पताल में उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उनकी मानसिक स्थिति और नींद से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए उन्हें मुंबई के किसी विशेष चिकित्सा संस्थान में आगे का इलाज कराने की सलाह दी थी।
3 नवंबर को गरिमा की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए चिकित्सक डॉ. हितेश बरुआ ने बताया था कि उनकी शारीरिक स्थिति स्थिर है। उनका रक्तचाप और रक्त में शर्करा का स्तर सामान्य था। हालांकि, मानसिक तनाव, भावनात्मक परेशानी और रात में ठीक से नींद नहीं आने की समस्या को लेकर डॉक्टर चिंतित थे।
डॉ. बरुआ के अनुसार, गरिमा को रात में पर्याप्त नींद नहीं आ रही थी। सोने के बाद अचानक जागने की समस्या भी सामने आई थी। इसके अलावा, उनके खानपान की नियमितता भी प्रभावित हुई थी। डॉक्टरों का मानना था कि उनकी बेहतर रिकवरी के लिए चिकित्सा के साथ-साथ विशेषज्ञ परामर्श, मानसिक आराम और अनुकूल वातावरण जरूरी है।
चिकित्सकों ने उन्हें मुंबई के एक विशेष चिकित्सा संस्थान में इलाज और परामर्श कराने की सलाह दी थी। डॉ. बरुआ ने बताया था कि यह प्रक्रिया लगभग 15 से 20 दिनों तक चल सकती है। हालांकि, मुंबई में किस संस्थान में उनका इलाज होगा, इस पर परिवार और चिकित्सकों के बीच चर्चा के बाद निर्णय लिया जाना था।
गरिमा 31 अक्टूबर को गुवाहाटी के असम जातीय विद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान अचानक अस्वस्थ हो गई थीं। इसके बाद उन्हें नेमकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती होने के बाद से डॉक्टरों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रख रही थी।
डॉ. बरुआ ने असम के लोगों से गरिमा की स्थिति को समझने और उनके प्रति संवेदनशील रहने की अपील की थी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया था कि गरिमा को पर्याप्त आराम करने दिया जाए और उनके निजी फैसलों तथा भविष्य की योजनाओं का सम्मान किया जाए। इस कठिन समय में उन पर अतिरिक्त मानसिक दबाव नहीं डालने की भी अपील की गई थी।
चिकित्सक ने पर्याप्त आराम, नियमित नींद, पौष्टिक भोजन और भावनात्मक सहयोग को गरिमा की रिकवरी के लिए महत्वपूर्ण बताया था। उन्होंने कहा था कि जुबीन गर्ग के निधन के बाद के इस कठिन दौर में गरिमा का स्वास्थ्य और मानसिक शांति सबसे अधिक महत्वपूर्ण है।