करनाल, 5 नवंबर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर सवाल उठाए। हरियाणा के करनाल में बीजेपी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा में शामिल होने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए शाह ने राहुल गांधी से उनकी सभी विदेश यात्राओं का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की।
राहुल गांधी की हालिया वियतनाम यात्रा का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा, “आप अभी वियतनाम से लौटे हैं, लेकिन इस बारे में बात नहीं करते। पारदर्शिता होनी चाहिए। राहुल जी, कृपया अपनी सभी विदेश यात्राओं का ब्योरा जनता को दीजिए। आप वियतनाम में कितने दिन रहे, किससे मिले, वहां क्यों गए और आपका कार्यक्रम क्या था?”
शाह ने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और एक संवैधानिक पद पर हैं। इसलिए जनता को उनकी विदेश यात्राओं के बारे में जानने का अधिकार है।
इस दौरान अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खुली बहस की राहुल गांधी की चुनौती पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी सड़क पर ही बहस करना चाहते हैं तो हरियाणा का कोई भी चौराहा चुन सकते हैं।
शाह ने तंज कसते हुए कहा, “मोदी जी को तो छोड़िए, वहां मेरा युवा मोर्चा का अध्यक्ष ही आपसे चर्चा करने के लिए काफी है।”
गौरतलब है कि बीजेपी INDIA गठबंधन के खिलाफ ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत देशभर में पदयात्राएं निकाल रही है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को करनाल में भी पदयात्रा और जनसभा आयोजित की गई थी।