डिगबोई: असम के तिनसुकिया जिले के डिगबोई स्थित उल्टापुल औगुरी में डायन होने के संदेह में एक महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। यह घटना 1 नवंबर की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, इलाके के कुछ लोगों के बीच यह अंधविश्वास फैल गया था कि महिला किसी व्यक्ति से कुछ कह देती है तो उस व्यक्ति की मौत हो जाती है। इसी गलत धारणा के चलते महिला की बेरहमी से हत्या किए जाने का आरोप है।
बताया गया है कि शुरुआत में घटना को छिपाने की कोशिश की गई थी, लेकिन डिगबोई पुलिस की कार्रवाई के बाद मामला सामने आया। पुलिस ने इस मामले में राजू चाओताल की पत्नी बुरी चाओताल (45), रबी माझी की पत्नी सिमला माझी (35) और मंगल चाओताल की पत्नी अनीमा चाओताल (48) को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 74, 103(2), 217(A) और 283(A) के साथ असम विच हंटिंग (प्रोहिबिशन, प्रिवेंशन एंड प्रोटेक्शन) एक्ट, 2015 की धाराओं 4(1), 5, 8, 9 और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है। केस नंबर 111/2026 है।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों महिलाओं को जेल भेज दिया गया है।
आधुनिक समय में भी डायन होने के संदेह में हत्या की घटना ने अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता की जरूरत को फिर से उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सामाजिक संगठनों से ऐसे क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने की अपील की है।