युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को बिहार की सीनियर क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। वह 2026-27 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों में टीम की कमान संभालेंगे।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने शुक्रवार को 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की। सूरज कश्यप को उपकप्तान बनाया गया है। सीनियर टीम के कप्तान के रूप में वैभव की यह पहली जिम्मेदारी होगी।

बिहार अपना पहला मुकाबला 14 नवंबर को इंदौर में सौराष्ट्र के खिलाफ खेलेगा। टीम को ग्रुप-B में रखा गया है। इस ग्रुप में दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, रेलवे, सौराष्ट्र और तमिलनाडु भी शामिल हैं।

वैभव आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हैं। उन्होंने आईपीएल 2026 में 16 पारियों में 776 रन बनाए थे। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनका स्ट्राइक रेट 237 से अधिक था।

वैभव भारत की ओर से अब तक 10 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेल चुके हैं। अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 80 गेंदों पर 175 रन की पारी खेली थी। भारत ने वह मुकाबला 100 रन से जीता था।

BCA अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने कहा कि कप्तानी मिलने से वैभव को एक बेहतर लीडर के रूप में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने वैभव की प्रतिभा, आत्मविश्वास और खेल की समझ पर भरोसा जताया।