पासिघाट, 10 नवंबर: अरुणाचल प्रदेश की प्रस्तावित सियांग उच्च बहुउद्देशीय परियोजना (एसयूएमपी) के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान हिंसा में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार जवाहरलाल नेहरू कॉलेज के 18 छात्रों की जल्द रिहाई की मांग उठी है। कॉलेज के छात्र संघ ने पूर्वी सियांग के पुलिस अधीक्षक पंकज लांबा को आवेदन देकर यह मांग की है।
छात्र संघ ने कहा कि दिसंबर में होने वाली छमाही परीक्षा को देखते हुए छात्रों की लंबे समय तक हिरासत उनकी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी को प्रभावित कर सकती है। संगठन ने पुलिस से लागू कानूनी प्रक्रिया के तहत उनकी रिहाई के मामले पर विचार करने का आग्रह किया है।
संघ ने आश्वासन दिया कि रिहा होने पर छात्रों को अनुशासन का पालन करने तथा कॉलेज और समाज में शांति व सौहार्द बनाए रखने की सलाह दी जाएगी।
पासिघाट में 23 अक्टूबर को प्रस्तावित 11,200 मेगावाट क्षमता वाली जलविद्युत परियोजना के खिलाफ प्रदर्शन हिंसक हो गया था। स्थानीय संगठनों और निवासियों ने परियोजना के संभावित असर पर चिंता जताते हुए शुरुआती सर्वे का काम रोकने की मांग की थी।
प्रदर्शन के दौरान पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई थीं। एनएचपीसी के कार्यालय और पुलिस ठिकानों को निशाना बनाए जाने के आरोप लगे थे। पुलिस के कई वाहनों तथा स्थानीय विधायक और राज्य भाजपा अध्यक्ष समेत राजनीतिक नेताओं के घरों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई थी। संघर्ष में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
घटना के बाद पुलिस ने कई मामले दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक पंकज लांबा के अनुसार, मामले में जवाहरलाल नेहरू कॉलेज के कम से कम 18 छात्रों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें 10 छात्र न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि 8 को जमानत मिल चुकी है।
छात्र संघ ने छात्रों के शैक्षणिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए कानूनी दायरे में उनकी रिहाई के मामले का जल्द निस्तारण करने की फिर अपील की है।