दीमापुर, 12 नवंबर: नगालैंड की तलहटी वाले क्षेत्रों में चंदन की खेती की अच्छी संभावना है। भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (आईसीएफआरई) के वैज्ञानिकों ने पाया है कि यहां की अनुकूल नमी और उपजाऊ मिट्टी चंदन के पेड़ों की वृद्धि के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराती हैं।

आईसीएफआरई-इंस्टीट्यूट ऑफ वुड साइंस एंड टेक्नोलॉजी, बेंगलुरु; आईसीएफआरई-इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट बायोडायवर्सिटी; और आईसीएफआरई-रेन फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट, जोरहाट के वैज्ञानिकों के दल ने मंगलवार को नगालैंड के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया। दल ने चंदन के पेड़ों की वृद्धि, परिपक्व पेड़ों में हार्टवुड के विकास तथा राज्य की मिट्टी और जलवायु की उपयुक्तता का आकलन किया।

नगालैंड के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने बुधवार को कोहिमा स्थित नगालैंड सिविल सचिवालय में वैज्ञानिकों के साथ समन्वय बैठक की। बैठक की अध्यक्षता नगालैंड के प्रधान सचिव एवं विकास आयुक्त वाई. किखेतो सेमा ने की।

विभाग आईसीएफआरई के वैज्ञानिकों के सहयोग से राज्य में चंदन और लाल चंदन की व्यावसायिक खेती की संभावनाएं तलाश रहा है।

बैठक में आईएफबी के निदेशक डॉ. स्वप्नेंदु पटनायक, आईडब्ल्यूएसटी, बेंगलुरु के वैज्ञानिक-एफ डॉ. बीएन दिवाकरा, आरएफआरआई के वैज्ञानिक-ई डॉ. सत्यम बरदोलोई और आरएफआरआई के वैज्ञानिक डॉ. राकेश कुमार प्रजापत ने अपने निष्कर्ष और तकनीकी आकलन प्रस्तुत किए। उन्होंने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चंदन और लाल चंदन की खेती की संभावना पर जानकारी दी।

वैज्ञानिकों ने बताया कि परिपक्व पेड़ों में हार्टवुड का विकास भी संतोषजनक पाया गया है, जो खेती की संभावनाओं को उत्साहजनक बनाता है। उन्होंने असम के दीफू से सटे इलाकों में हुए वैज्ञानिक अध्ययनों के सकारात्मक निष्कर्ष भी रखे, जो इस क्षेत्र को चंदन की खेती के लिए उपयुक्त बताते हैं।