तेल नगरी डिगबोई में प्रवेश द्वार के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे चार घोड़े गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाए गए। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से ये घोड़े सड़क किनारे असुरक्षित परिस्थितियों में घूम रहे थे। उनके शरीर पर धारदार दा जैसे हथियार से हमला किए जाने के निशान दिखाई दे रहे हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए असम सरकार के मुख्य वन संरक्षक ने डिगबोई वन मंडल के वन अधिकारी को तत्काल निर्देश जारी कर घायल घोड़ों के उपचार की व्यवस्था करने को कहा।
निर्देश मिलने के बाद डिगबोई के वन क्षेत्रीय अधिकारी मानस प्रतिम बोरा के नेतृत्व में वनकर्मियों की एक टीम मौके पर पहुंची। टीम के साथ पशु चिकित्सक डॉ. राजश्री पुरकायस्थ, नारायण छेत्री, हिरण्य बोरा और बिन्टू दत्ता भी मौजूद थे। चिकित्सकों ने घायल घोड़ों का आवश्यक उपचार किया।
वन क्षेत्रीय अधिकारी मानस प्रतिम बोरा के अनुसार, फिलहाल चारों घोड़े स्वस्थ हैं। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें दोबारा चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
घायल घोड़ों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय जागरूक नागरिकों ने वन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।