डिगबोई, 21 नवंबर: बेंगलुरु के रौनिल कुकरे ने डिगबोई गोल्फ लिंक्स में आयोजित 26वें इंडियन ऑयल सर्वो मास्टर्स गोल्फ टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। उन्होंने दो स्ट्रोक के अंतर से अपना पहला डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई खिताब हासिल किया।

1 करोड़ रुपये की इनामी राशि वाले डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के 2026-2027 सत्र के पहले इवेंट में कुकरे ने अंतिम राउंड की शुरुआत कपूरथला के युवराज सिंह और महू के ओम प्रकाश चौहान के साथ संयुक्त बढ़त से की थी।

कुकरे ने अंतिम राउंड में 5 अंडर 67 का स्कोर बनाया और कुल 16 अंडर 272 के साथ खिताब अपने नाम किया। उनके राउंड का स्कोर 70-65-70-67 रहा। अंतिम दिन उन्होंने 8 बर्डी और 3 बोगी दर्ज कीं।

अंशुल कवथियाल ने टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ राउंड खेलते हुए 8 अंडर 64 का कार्ड बनाया और उपविजेता रहे। उनका राउंड स्कोर 67-72-71-64 रहा।

2022 में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई से जुड़े कुकरे को 15 लाख रुपये की इनामी राशि मिली। इस जीत के साथ उन्होंने 2026-2027 सत्र की डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। उन्होंने अपनी सफलता के लिए कोच राहुल बजाज, इंडियन ऑयल और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई का आभार जताया।

चंडीगढ़ के अक्षय शर्मा ने 12 अंडर 276 के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। 12 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई खिताब जीत चुके और 2023 सत्र के रैंकिंग चैंपियन ओम प्रकाश चौहान 11 अंडर 277 के साथ चौथे स्थान पर रहे। युवराज सिंह और बांग्लादेश के मोहम्मद राजू 10 अंडर 278 के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर रहे।