ढेकियाजुली: लोकनायक अमिया कुमार दास महाविद्यालय ने कॉलेज परिसर में रील्स, शॉर्ट्स और मनोरंजन से जुड़े वीडियो बनाने पर रोक लगा दी है। कॉलेज प्रशासन ने शैक्षणिक माहौल और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से कई सख्त निर्देश जारी किए हैं।

निर्देशों के अनुसार, छात्र-छात्राएं कॉलेज परिसर में किसी भी तरह की रील्स, शॉर्ट्स या मनोरंजन वीडियो की शूटिंग नहीं कर सकेंगे। कॉलेज की यूनिफॉर्म पहनकर वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले विद्यार्थियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नए नियमों के तहत कक्षा के भीतर मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी। पढ़ाई के दौरान फोन बंद या साइलेंट मोड पर रखने का निर्देश दिया गया है। परिसर और बरामदों में भी बिना जरूरत मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया है।

कॉलेज ने यूनिफॉर्म को लेकर भी सख्ती की है। विद्यार्थियों को तय यूनिफॉर्म पहनकर ही कॉलेज आना होगा। सर्दियों में केवल कॉलेज की ओर से निर्धारित रंग के स्वेटर या जैकेट पहनने की अनुमति होगी। दूसरे रंग या डिजाइन की जैकेट पहनकर आने पर प्रवेश द्वार पर रखे रजिस्टर में हस्ताक्षर कर अनुमति लेनी होगी, अन्यथा प्रवेश रोका जा सकता है।

नियमों के उल्लंघन पर मोबाइल फोन जब्त करने, अभिभावकों को कॉलेज बुलाकर लिखित आश्वासन लेने और बार-बार उल्लंघन की स्थिति में निलंबन जैसी कार्रवाई की जा सकती है।