नई दिल्ली, 27 नवंबर: केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक के नए मसौदे को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सेवा तीर्थ में हुई कैबिनेट बैठक में इस विधेयक को स्वीकृति दी गई।
विधेयक को 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश किए जाने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, नए विधेयक में ऐसे संशोधनों का प्रावधान किया गया है, जिनसे परिसीमन के बाद लोकसभा में राज्यों का मौजूदा आनुपातिक प्रतिनिधित्व कम नहीं हो। इसका उद्देश्य परिसीमन के कारण राज्यों के बीच सीटों की हिस्सेदारी का संतुलन बदलने की आशंका दूर करना है।
2023 में संसद से पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया था। हालांकि, इस कानून को लागू करने की प्रक्रिया जनगणना और परिसीमन से जुड़ी हुई है। केंद्र सरकार ने 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले इस आरक्षण को लागू करने के लक्ष्य के साथ नया विधेयक पेश किया है।
इस वर्ष अप्रैल में सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा से पारित कराने में सफल नहीं हो सकी थी। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में विशेष बहुमत की जरूरत होती है। सरकार ने इस बार विधेयक पारित कराने के लिए आवश्यक समर्थन मिलने का दावा किया है।
सूत्रों के मुताबिक, डीएमके, एनसीपी और बीआरएस विधेयक का समर्थन कर सकते हैं। वहीं, विपक्षी इंडिया गठबंधन ने विधेयक का विरोध किया है। विपक्षी दल अपनी रणनीति तय करने के लिए शनिवार को बैठक करेंगे।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर को और राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर को फिर शुरू होगी। सरकारी कामकाज की जरूरत के अनुसार दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है।