पटियाला, 6 नवंबर: पंजाब के पटियाला में शुक्रवार दोपहर कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन में आग लग गई। पंजाब से बिहार जा रही ट्रेन जब राजपुरा पहुंची, उसी दौरान सराय बंजारा गांव के पास आग की लपटें उठने लगीं। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और वे डरकर ट्रेन से बाहर निकल आए।
आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, आग ट्रेन की पैंट्री कार से शुरू हुई और कुछ अन्य डिब्बों तक फैल गई। फायर अलार्म बजने के बाद यात्री सतर्क हो गए और ट्रेन से बाहर निकल आए।
पटियाला के उपायुक्त हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि आग पैंट्री कार से शुरू हुई थी। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
रेलवे ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जाएगी।