गुवाहाटी: बिजली दरों में बढ़ोतरी के फैसले के खिलाफ ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (AASU) ने पूरे असम में विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के आह्वान पर मोरीगांव और शिवसागर समेत राज्य के कई हिस्सों में प्रदर्शन आयोजित किए गए।

शिवसागर शहर के फुकन नगर स्थित बिजली विभाग के कार्यालय का AASU कार्यकर्ताओं ने घेराव किया और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग का पुतला जलाया तथा बिजली दरों में बढ़ोतरी के फैसले के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान AASU कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई।

वहीं, मोरीगांव में AASU की मोरीगांव सदर इकाई ने विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग का पुतला जलाया और असम सरकार तथा बिजली विभाग के खिलाफ नारे लगाए।

प्रदर्शनकारियों ने बिजली दरों में बढ़ोतरी का फैसला तत्काल वापस लेने की मांग की। राज्यव्यापी प्रदर्शन के जरिए AASU ने सरकार के इस फैसले के खिलाफ कड़ा विरोध जताया।