नई दिल्ली, 29 सितंबर: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नोटबंदी ने देश की अर्थव्यवस्था को नष्ट कर दिया था और अब ‘वोटबंदी’ के जरिए लोकतंत्र को तबाह किया जा रहा है।
मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी देश के गरीब और पिछड़े वर्गों के लोगों से उनका वोट का अधिकार छीनने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वोट गरीबों, दलितों, वंचितों और शोषितों का सबसे मजबूत अधिकार है।
“इतिहास गवाह है कि 10 वर्ष पहले इसी प्रधानमंत्री ने नोटबंदी के फैसले से भारत की अर्थव्यवस्था नष्ट कर दी थी। अब 10 वर्ष बाद वोटबंदी की साजिश से हमारे मजबूत लोकतंत्र को नष्ट किया जा रहा है।”
खड़गे ने मतदाता सूची के विशेष संशोधन (एसआईआर) को लेकर चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को मोदी सरकार का ‘कठपुतली’ बताते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि साजिश के तहत मतदाता सूची से बड़ी संख्या में लोगों के नाम काटे गए हैं। उन्होंने मतदाता सूची में हुए बड़े बदलावों की जानकारी सार्वजनिक करने, जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं उन्हें इसकी सूचना देने और उन्हें अपील का अवसर देने की मांग की।
उन्होंने चुनावी आंकड़े राजनीतिक दलों को समय पर और आसानी से समझ में आने वाले रूप में उपलब्ध कराने, मतदाता सूची की गड़बड़ियों की स्वतंत्र जांच कराने तथा चुनाव आयोग के कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी मांग की। खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी से भी नैतिक आधार पर इस्तीफा देने को कहा और आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त प्रधानमंत्री के दबाव में काम कर रहे हैं।
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, जयराम रमेश और के. सी. वेणुगोपाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
वहीं, चुनाव आयोग ने पहले जारी एक प्रतिक्रिया में कहा था कि मतदाता सूची के विशेष संशोधन को लेकर उठाए गए आरोपों का जवाब दिया जा चुका है। आयोग के अनुसार, यह प्रक्रिया कानूनी प्रावधानों के तहत चलाई जा रही है।