कोकराझार, 9 नवंबर: कोकराझार जिले के हालोवादल स्थित तरांग झिजिरी खेल मैदान में बोड़ो हारिमु सानो का सफल समापन हो गया। बोड़ो कला और संस्कृति के राष्ट्रीय उत्सव के रूप में आयोजित यह कार्यक्रम संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित उस्ताद कामिनी कुमार नार्जारी की 100वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था।
यह उत्सव बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल की पहल पर संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली, असम सरकार के सांस्कृतिक मामलों के विभाग, बोड़ो हारिमु सान और दुलाराय बोड़ो हारिमु अफाद के सहयोग से आयोजित हुआ।
उद्घाटन समारोह में असम सरकार के मंत्री जयंत मल्ल बरुआ, बिमल बोरा, विश्वजीत दैमारी और चरण बोड़ो, बीटीसी प्रमुख हाग्रामा मोहिलारी, विधायक रूपम चंद्र राय और शिउली मोहिलारी उपस्थित रहे। इनके अलावा कार्यकारी सदस्य कर्मेश्वर राय, देरहासात बसुमतारी, प्रकाश बसुमतारी तथा विभिन्न राजनीतिक नेता भी शामिल हुए।
7 से 9 नवंबर तक चले इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय उत्सव के जरिए बोड़ो समुदाय की समृद्ध कला-संस्कृति, परंपरा और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में उस्ताद कामिनी कुमार नार्जारी के योगदान को भी याद किया गया।