रायगंज, 9 नवंबर: पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मुख्य आरोपी दिलीप रॉय की सोमवार तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, रॉय बिहार सीमा पार कर भागने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम ने तड़के करीब 3:30 बजे गौरी ग्राम पंचायत क्षेत्र के पारापुकुर में उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की। आरोप है कि रॉय ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। घायल रॉय को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग 3 नवंबर को लापता हो गई थी और उसका शव 5 नवंबर को कुलिक नदी के पास जंगल से बरामद हुआ था। इसके बाद पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर रायगंज थाने में दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
राज्य में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद पिछले चार महीनों में यह चौथी ऐसी पुलिस मुठभेड़ बताई जा रही है। पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों को पुलिस का सामना करना पड़ेगा और सभी को कानून का पालन करना चाहिए।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि पुलिस हर आरोपी को गोली नहीं मारती, लेकिन पुलिस पर हमला होने पर जवान आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म और हत्या, मादक पदार्थों की तस्करी तथा बांग्लादेश से घुसपैठ के मामलों में सरकार की बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति है।