सिवनी/कटनी, 9 नवंबर: मध्य प्रदेश के सिवनी और कटनी जिलों में दीपावली के दौरान आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं में 4 लोग घायल भी हुए हैं। मृतकों में दो माह का एक बच्चा भी शामिल है, जिसने कटनी में मां की गोद में दम तोड़ दिया।
प्रशासन के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 4 बजे से 4:30 बजे के बीच सिवनी जिले के छपारा शहर के महावीर वार्ड में सर्राफा कारीगर कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला मकान में आग लग गई। उस समय घर में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे। इनमें से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 घायल हो गए। घायलों को बचाकर उनके इलाज की व्यवस्था की गई है।
सिवनी हादसे में कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), रीतू सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्य सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) की मौत हुई है। आग लगने के कारण का अब तक पता नहीं चल पाया है।
वहीं, कटनी जिले के बरही शहर में दीपावली की रात एक क्रॉकरी की दुकान में आग लग गई। तीन मंजिला इमारत में स्थित दुकान से आग तेजी से फैल गई। इस घटना में एक ही परिवार के 6 सदस्यों की जान चली गई।
कटनी हादसे में दुकान के मालिक पूरन अग्रवाल (77), उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, पोतियां आर्या (14) और अन्वी (6) तथा दो माह के एक बच्चे की मौत हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चे ने मां पूनम की गोद में दम तोड़ दिया।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दोनों घटनाओं पर शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और फोन पर शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।