डिगबोई: बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने वालों के खिलाफ डिगबोई पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने सोमवार शाम अभियान चलाकर हेलमेट नहीं पहनने वाले 50 से अधिक बाइक चालकों की मोटरसाइकिल जब्त कर लीं।

यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात कानूनों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया।

सरकारी निर्देशों के बाद डिगबोई में कई लोग हेलमेट पहनकर बाइक चला रहे हैं, लेकिन अब भी कुछ लोग बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल चलाते पाए जा रहे हैं।

डिगबोई थाने के प्रभारी प्रांजल चेतिया ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि इलाके में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाओं के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने सभी बाइक चालकों से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।